संवाददाता वरदान
रामपुर मनिहारान सहारनपुर। ग्राम सिरसली कलां में रविवार को भूमि अधिग्रहण किसान मोर्चा के नेतृत्व में किसानों की एक महापंचायत का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के अध्यक्ष हुसैन अहमद और उपाध्यक्ष विनोद कुमार राणा ने की। इस महापंचायत में औद्योगिक गलियारे (Industrial Corridor) के लिए अधिग्रहित की जा रही कृषि भूमि का सर्वसम्मति से कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। महापंचायत में ग्राम सिरसली कलां, सिरसली खुर्द, चकवाली, शिवदासपुर, मोहम्मदपुर गाड़ा और नैनपुर नगला सहित आसपास के कई गांवों के किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। एकत्रित किसानों ने एकजुट होकर स्पष्ट रूप से ऐलान किया कि वे किसी भी कीमत पर औद्योगिक गलियारे के निर्माण के लिए अपनी उपजाऊ भूमि नहीं देंगे।
किसानों ने शासन-प्रशासन के इस फैसले के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए कहा कि वे इससे पहले भी जिलाधिकारी सहारनपुर, मंडलायुक्त सहारनपुर तथा उपजिलाधिकारी रामपुर मनिहारान के समक्ष विरोध-प्रदर्शन कर अपनी आपत्ति जता चुके हैं। बैठक के अंत में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि भूमि अधिग्रहण के विरुद्ध किसानों का यह संघर्ष जारी रहेगा और वे अपनी एक इंच जमीन भी परियोजना के लिए नहीं सौंपेंगे। इस अवसर पर हुसैन अहमद, विनोद कुमार राणा, फरमान चौधरी, हसीन, राजा,चौधरी सालिम प्रधान, नौशाद, जावेद, सुफियान चकवाली , चौधरी ग़ालिब प्रधान समेत बड़ी संख्या में प्रभावित किसान मौजूद रहे।



