दबंग सूदखोर की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने लगाई गुहार, कहा- “मानसिक तनाव में हूं, बच्चों को लग रहा डर”
सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र के शारदा नगर से एक बेहद परेशान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पीड़ित महिला ने स्थानीय थाने में प्रार्थना पत्र देकर एक दबंग सूदखोर पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि इस प्रताड़ना के कारण वह और उसके दो छोटे बच्चे बेहद डरे हुए हैं और वह गहरे मानसिक तनाव में जीने को मजबूर है।
शारदा नगर निवासी पीड़िता सरिता (पुत्री स्व. ओम प्रकाश) द्वारा पुलिस को सौंपे गए शिकायती पत्र के अनुसार, करीब 2 साल पहले उनके परिवार ने पड़ोसी विक्की जाटव से कुछ पैसे उधार लिए थे। पीड़िता का आरोप है कि उसका परिवार एक साल तक आरोपी को 20% की दर से भारी-भरकम ब्याज देता रहा। इस कर्ज के दलदल और भारी दबाव के कारण करीब एक साल पहले पीड़िता के पति उसे और बच्चों को छोड़कर कहीं चले गए। पति के जाने के बाद पीड़िता अकेले ही मेहनत-मजदूरी करके अपने दो छोटे बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद विक्की जाटव और उसके परिवार के लोग लगातार उसे परेशान कर रहे हैं, गाली-गलौज करते हैं और रोब जमाते हैं।
हद तो तब हो गयी जब आज सुबह 8:00 बजे महिला अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी, तभी रास्ते में एसपीएस की पुलिया के पास आरोपी विक्की जाटव ने उसे रोक लिया। आरोप है कि उसने सरेराह महिला के साथ अभद्र गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस हमले में महिला के हाथों पर चोटें (खरोचें) भी आई हैं। घटना से सहमी और मानसिक रूप से टूट चुकी पीड़िता सरिता ने थाना प्रभारी कुतुबशेर को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है ताकि उसे और उसके बच्चों को सुरक्षा व न्याय मिल सके।
*नोट: इस समाचार का प्रारूप पत्र में लिखित शिकायतकर्ता के आरोपों पर आधारित है। पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की तैयारी कर रही है।*

