रामपुर में आयोजित RLD की रैली में भाजपा नेता भी रहे शामिल

वरदान संवाददाता

रामपुर मनिहारान सहारनपुर। गोचर कृषि इंटर कॉलेज में गुरुवार की दोपहर राष्ट्रीय लोकदल की ओर से आयोजित स्वाभिमान रैली में ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि कॉलेज परिसर में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। सहारनपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में किसान, गुर्जर समाज के लोग और रालोद कार्यकर्ता रैली में पहुंचे। भीड़ देखकर रालोद पदाधिकारी और कार्यकर्ता उत्साहित नजर आए।

रैली को संबोधित करते हुए चौधरी जयंत सिंह ने किसानों, मजदूरों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने किसानों के हित में राष्ट्रीय लोकदल की भूमिका और चौधरी चरण सिंह से लेकर चौधरी अजीत सिंह तक की किसान राजनीति को सामने रखा। कार्यक्रम में मौजूद विधायकों ने भी वक्ता के तौर पर अपने विचार रखे और किसानों की समस्याओं तथा उनके अधिकारों को लेकर अपनी बात रखी। अखिलेश यादव के ‘चवन्नी से रुपया’ वाले बयान पर भी रालोद नेताओं ने पलटवार किया। नेताओं ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने मुलायम सिंह यादव को अपने साथ रखकर उन्हें राजनीतिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर दिया। इतिहास में दोनों नेताओं की राजनीतिक यात्रा और उनके संबंधों को देखा जा सकता है।

एथेनॉल के मुद्दे पर भी रैली में चर्चा हुई। रालोद नेताओं ने कहा कि किसानों की फसल के बेहतर उपयोग और आय बढ़ाने के लिए एथेनॉल उत्पादन महत्वपूर्ण है। गन्ने के साथ-साथ मक्का जैसे अनाज से भी एथेनॉल उत्पादन किसानों के लिए बाजार और आय के नए अवसर पैदा कर सकता है।रैली में जयंत चौधरी की पत्नी चारू चौधरी और उनकी बेटी भी मौजूद रहीं। चारू चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें अपने पति पर गर्व है। उनके मंच पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

रैली में किसानों के सम्मान, फसल के उचित मूल्य, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसान हितों को लेकर आवाज बुलंद की गई। भारी भीड़ के बीच रालोद नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को गांव-गांव मजबूत करने का संदेश भी दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी भूपेंद्र सिंह ने की। रैली को सफल बनाने में बिजनौर सांसद चंदन चौहान और राज्यसभा सांसद एवं पूर्व सांसद मलूक नागर सहित पार्टी नेताओं ने गांव-गांव जनसंपर्क कर लोगों को जोड़ा। रैली में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं पुरकाजी विधायक अनिल कुमार, गंगोह विधायक कीरत चौधरी, नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी, रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम, सहारनपुर विधायक राजीव गुंबर, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा, अखिल भारतीय गुर्जर प्रचारिणी सभा के प्रबंधक अमित चौधरी तथा महानगर अध्यक्ष भूषण चौहान सहित अनेक नेता मौजूद रहे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *