उत्तर प्रदेश | पीलीभीत की 127- विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के मामले में भारत निर्वाचन आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है।आयोग ने पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र के दो निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (ERO) SDM मयंक गोस्वामी और SDM हेमंत चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दोनों अधिकारियों के खिलाफ दर्ज FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 198 जोड़ने तथा मामले को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए न्यायालय में प्रभावी पैरवी करने को कहा है।
इसके अलावा VRC कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार के खिलाफ कार्रवाई और 127-पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र के पांच AERO की भूमिका की जांच कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है।आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी पीलीभीत से जिले की चारों विधानसभा सीटों की मतदाता सूचियों की जांच रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर मांगी है। साथ ही पूरे उत्तर प्रदेश के सभी DEO और ERO को अपने-अपने क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का दोबारा गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया की जांच करने को कहा गया है।



