नानौता सहारनपुर। नगर के मैन बाज़ार स्थित श्री दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में चल रहे दसलक्षण महापर्व के सांतवे दिन जैन समाज द्वारा ‘उत्तम तप धर्म’ की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में दर्शन, वंदन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही । कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान से जिनेन्द्र प्रभु के अभिषेक, विश्व शांति की कामना के साथ शांतिधारा एवं नित्य-नियम पूजन से हुआ। दसलक्षण पर्व के अंतर्गत अष्टद्रव्य से प्रभु के चरणों में भक्तिभाव पूर्वक अर्घ्य समर्पित किए गए ।
जिनेन्द्र देव का पावन अभिषेक एवं शांतिधारा अनिल जैन, सुनील जैन, अभिषेक जैन, शुभव जैन, मनोज जैन, पंकज जैन, छोटनलाल जैन, अजय जैन ,चिंतामणि जैन, अरिहंत जैन व सिद्ध जैन द्वारा सौधर्म इंद्र की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर किया गया व धार्मिक क्रियाएं संपन्न की । श्रीमति निशि जैन ने बताया कि अपनी इच्छाओं, लालसाओं और विषयों-कषायों को रोकना ही वास्तविक उत्तम तप है। जिस प्रकार सोना अग्नि में तपकर शुद्ध और कुंदन बनता है, उसी प्रकार आत्मा भी तप रूपी अग्नि से अपने मूल शुद्ध और पवित्र स्वरूप को प्राप्त करती है।
पर्व के दौरान बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुषों ने उपवास और त्याग का नियम धारण किया। मंदिर प्रबंध समिति ने शेष दिनों में भी इसी प्रकार तप, त्याग और संयम के साथ धर्माराधना में लीन रहने का आह्वान किया। इस दौरान मंदिर समिति के प्रमुख पदाधिकारी अनिल जैन, जिनेंद्र जैन (काकू), तरुण जैन, रोबिन जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग, मातृशक्ति व बच्चे उपस्थित रहे।



