सहारनपुर। जनता दल यूनाइटेड, लखनऊ उत्तर प्रदेश की ओर से भारत के लौह पुरुष एवं महान स्वतंत्रता सेनानी सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में सम्मानपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम कपिल देव जैन, प्रदेश सचिव एवं सहारनपुर मंडल प्रभारी के निर्देशन में आयोजित किया गया।इस मौके पर जिला अध्यक्ष अहसान अली के द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, साहस और दूरदर्शिता से देश की 562 से अधिक रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका संपूर्ण जीवन देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा।उन्होंने कहा कि आज देश को सरदार पटेल के विचारों और आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता है। हमें जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना होगा।अहसान अली जिला अध्यक्ष सहारनपुर ने कहा कि हमारा संकल्प है कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान मिले, गरीबों, किसानों, मजदूरों और जरूरतमंदों की आवाज उठे तथा सर्वसमाज को साथ लेकर जनहित के कार्य किए जाएं।



